हरदोई। शाहाबाद कोतवाली क्षेत्र में दंपति की हत्या के मामले में एक और आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पर पुलिस ने बीस हजार रुपये का इनाम भी घोषित कर रखा था।
शाहजहांपुर जनपद के कटरा थाना क्षेत्र के ग्राम मढ़िया भमौरी निवासी सेवाराम ने तीन दिसंबर 2019 को पुत्र दिलीप को मारपीट कर गायब कर देने की रिपोर्ट शाहाबाद कोतवाली में दर्ज कराई थी। पुलिस ने विवेचना के दौरान दिलीप की हत्या करने और बाद में उसकी पत्नी को भी मारने का खुलासा 13 नवंबर को किया था। पूरे मामले में दिलीप के ससुर रामलड़ैते, लालू और राजेंद्र को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था, जबकि अन्य आरोपी फरार थे। पुलिस ने मृतक के साले बृजेश कुमार पुत्र रामलड़ैते निवासी मोहल्ला प्रेमगंज थाना बांगरमऊ जनपद उन्नाव को शाहाबाद कोतवाली क्षेत्र के उधरनपुर तिराहे के पास से गिरफ्तार किया है। अभी रामलड़ैते की पत्नी रामबेटी वांछित है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में शाहाबाद कोतवाल शिव शंकर सिंह, उपनिरीक्षक देवेंद्र सिंह, सिपाही अवधेश कुमार और रवि कुमार शामिल रहे।