हरदोई। जिले में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच गुरुवार को स्थानीय प्राधिकारी क्षेत्र (एमएलसी) का 20 बूथों पर मतदान होगा। बुधवार को इन मतदान केंद्रों के लिए पोलिंग पार्टियां रवाना की गईं। सभी जोनल व सेक्टर मजिस्ट्रेट को अलर्ट रहने के निर्देश दिए गए हैं। पल पल की सूचना कंट्रोल रूम में देने को कहा गया है। मतपेटियां जिला मुख्यालय स्थित स्ट्रांग रूम में जमा की जाएंगी। इसके बाद छह मार्च को मतगणना होगी।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं एडीएम लक्ष्मी शंकर सिंह ने अपनी देख रेख में बुधवार को जीआईसी मैदान से बसों से पोलिंग पार्टी रवाना की। उन्होंने बताया कि सभी 19 विकास खंड मुख्यालयों के अलावा जिला मुख्यालय पर जिला पंचायत परिसर में मतदान केंद्र बनाया गया है। चुनाव के लिए 2967 मतदाता हैं। इन मतदाताओं में शपथ ले चुके प्रधान, पुराने बीडीसी व सभासद आदि शामिल हैं।
सहायक निर्वाचन अधिकारी श्याम लाल ने बताया कि मतदान करने जाते समय एवं मतदान के बाद आते समय चेकिंग की जाएगी। ताकि किसी प्रकार का प्रलोभन एवं भय फैलाकर मतदान प्रभावित न कर सके। डीएम, एसपी के अलावा प्रशासन एवं पुलिस के आला अधिकारी दलबल के साथ मतदान केंद्रों पर कड़ी नजर रखेंगे।