हरदोई। जिले के 14 केंद्रों पर गुरुवार को 1921 हेल्थ वर्कर्स का टीकाकरण किया गया। शुक्रवार को जिले में फ्रंटलाइन वर्कर्स को भी कोरोना का टीका लगेगा। सात केंद्रों पर 715 लोगों का टीकाकरण किया जाएगा।
16 जनवरी से शुरू हुआ टीकाकरण अभियान जनपद में तेजी से चल रहा है। 16 के बाद 22, 28, 29 जनवरी और चार फरवरी को हेल्थ केयर वर्कर्स को ही टीका लगाया गया था। गुरुवार को टीकाकरण में जिला महिला चिकित्सालय के एक केंद्र पर 101 और दूसरे केंद्र पर 102 स्वास्थ्यकर्मियों का टीकाकरण किया गया।
100 शैय्या संयुक्त चिकित्सालय में 133 लोगों का टीकाकरण हुआ। माधौगंज में 105, संडीला में 86, अहिरोरी में 138, बावन में 151, भरखनी में 167, बिलग्राम में 105, हरियावां में 151, शाहाबाद में 165, सुरसा में 177, टड़ियावां में 65 और टोडरपुर में 99 लोगों का टीकाकरण हुआ।
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. प्रशांत रंजन ने बताया कि शुक्रवार से फ्रंटलाइन वर्कर्स का भी टीकाकरण शुरू होगा। जिला महिला चिकित्सालय के दो केंद्रों पर, 100 शैय्या संयुक्त चिकित्सालय, पिहानी, संडीला, पाली और बिलग्राम सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर फ्रंटलाइन वर्कर्स का टीकाकरण होगा। इसके अलावा 11 केंद्रों पर 12 सत्रों में 1146 हेल्थ केयर वर्कर्स का टीकाकरण भी होगा।
महिला चिकित्सालय में काउंटर पर आईडी दिखाने को मौजूद टीका कराने आए कर्मचारी। संवाद- फोटो : HARDOI