हरदोई। सांडी ब्लॉक के लक्षनपुरवा व सठियामऊ गांव के लोगों ने कलक्ट्रेट परिसर में सोमवार को प्रदर्शन कर शौचालय की मांग की। उन्होंने प्रधान पर शौचालय के लिए 3000 रुपये मांगने का आरोप लगाया।
कलक्ट्रेट परिसर में पहुंची रामदेवी, श्याम मोहनी, रूचि आदि ने आरोप लगाया कि वह सभी ग्रामीण पात्रता श्रेणी में आते हैं। वह लगातार शौचालय की मांग कर रहे हैं। प्रधान 3000 रुपये सुविधा शुल्क की मांग पूरी होने पर ही शौचालय का पैसा देने को राजी है, लेकिन वह सभी सुविधा शुल्क देने में अक्षम हैं। ग्रामीणों ने सिटी मजिस्ट्रेट गजेंद्र कुमार को ज्ञापन सौंपकर प्रकरण की जांच कराकर कार्रवाई करने और शौचालय दिलाने की मांग की। इस मौके पर मनोरमा, प्रवीण द्विवेदी, रामबाबू, राम बहादुर आदि ग्रामीण मौजूद रहे।