प्रधान पत्नी और तत्कालीन सचिव के खिलाफ रिपोर्ट
हरदोई। ब्लाक अहिरोरी के गांव पुन्नियां में बाउंड्रीवाल और नाली निर्माण में अनियमितता के मामले की जांच में दोषी पाए जाने पर तत्कालीन ग्राम पंचायत सचिव और भाजपा नेता की प्रधान पत्नी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने के निर्देश डीएम ने दिए हैं। ग्राम प्रधान का खाता भी सीज किया जाएगा। तीन सदस्यीय समिति का गठन कर इसमें दो ग्राम पंचायत सदस्यों को शामिल करने और खाते का संचालन कराने की बात भी कही है।
पंचायती राज विभाग के अधिकारियों की मानें तो ग्राम पुन्निया में वित्तीय वर्ष 2016-17 में प्राथमिक पाठशाला में बाउंड्रीवाल का निर्माण करवाया गया था। पुन्निया में ही 400 मीटर नाली का निर्माण भी करवाया गया था। आरोप है कि दोनों ही निर्माण कार्यों में 10 फीसदी ईंट दोयम दर्जे की लगवाई र्गइं। शिकायत पर जिलाधिकारी के स्तर पर जांच भी करवाई गई और संबंधित से स्पष्टीकरण मांगा गया। प्रथमदृष्टया आरोप सिद्ध होने पर जिलाधिकारी ने सचिव व प्रधान दोनों पर ही कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। वहीं दूसरी ओर भाजपा नेता सुधीर श्रीवास्तव का कहना है कि एक बार जांच हो चुकी थी, जिसमें स्थितियां स्पष्ट हो र्गइं थी। दोबारा शिकायत और जांच राजनीतिक प्रतीत हो रही है।
- गांव पुन्नियां में बाउंड्रीवाल और नाली निर्माण में अनियमितता पर कार्रवाई
- तीन सदस्यीय जांच समिति भी गठित, प्रधान का खाता भी सीज