शहर में स्थित चट्टे को कुछ यूं तोड़ा गया। संवाद
- फोटो : HARDOI
हरदोई। शहर में चट्टा संचालकों के विरुद्ध चल रहा नगर पालिका का अभियान शुक्रवार को भी जारी रहा। अधिशासी अधिकारी ने बताया कि शहर के तीन वार्डाें से 18 चट्टों को बाहर कर दिया गया। इनके संचालकों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए तहरीर शहर कोतवाली में दी गई है। संचालकों से चट्टों के 164 मवेशियों को शहरी सीमा से दूर ले जाने को कहा गया है।
डीएम पुलकित खरे के निर्देश पर शहर से सभी चट्टे बाहर किए जा रहे हैं। बड़ी संख्या में शहर वासियों ने इन चट्टों के कारण अलग-अलग मोहल्लों में गंदगी व्याप्त होने और बीमारी फैलने की आशंका जताई थी।
शुक्रवार को नगर पालिका टीम ने वार्ड आठ लक्ष्मीपुरवा, वार्ड 19 मोमिनाबाद और वार्ड 25 सरायथोक पूर्वी में चट्टे तोड़ दिए। अधिशासी अधिकारी रविशंकर शुक्ल ने बताया कि 16 लोगों के विरुद्ध चट्टे चलाने के मामले में तहरीर दी गई है। उन्होंने कहा कि सभी संचालक अपने चट्टे शहर से बाहर कर लें, अन्यथा कार्रवाई की जाएगी।