संडीला। कासिमपुर थाना क्षेत्र के ग्राम अटुआ में बुधवार दोपहर जर्जर एचटी लाइन के टूटे तार की चपेट में आकर करंट लगने से किसान की मौत हो गई। वह गेहूं की फसल देखने खेत जा रहा था।
कासिमपुर थाना क्षेत्र के ग्राम अटुआ निवासी श्रवण (40) पुत्र रामगुलाम किसान था। उसके परिवार में पत्नी, एक पुत्र और पुत्री है। बुधवार दोपहर वह खेत जाने की बात कहकर घर से निकला था। रास्ते में हाईटेंशन लाइन का तार टूटा पड़ा था। जिसकी चपेट में आने से श्रवण को करंट लग गया। इससे पहले कि आसपास के लोग मौके पर पहुंचते, उसकी सांसें थम गईं थीं। परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। मृतक के पुत्र मोहित का कहना है गांव में ज्यादातर विद्युत लाइनें जर्जर हैं। जिसके कारण आए दिन तार टूटकर गिर जाते हैं। अगर लाइन दुरुस्त होती तो शायद पिता की जान नहीं जाती। एसओ बृजेश सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम कराया गया है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।