हरदोई। जिले में सोमवार से गेहूं खरीद शुरू हो चुकी है। हालांकि सोमवार और मंगलवार, दोनों दिन खरीद केंद्रों पर सन्नाटा पसरा रहा। गेहूं की अच्छी पैदावार के आंकलन के चलते विभागीय स्तर से क्रय केंद्रों की संख्या बढ़ाने की तैयारी शुरू कर दी है। पिछले दो दिनों में विभाग को सात एजेंसियों की ओर से 46 नए क्रय केंद्र खोले जाने के प्रस्ताव मिले हैं।
रबी विपणन वर्ष 2019-20 के तहत जिले में एक अप्रैल से गेहूं की खरीद शुरू हो चुकी है। इसके लिए मार्च में ही सात एजेंसियों के 77 केंद्र स्वीकृत किए जा चुके हैं। एक अप्रैल से सभी केंद्र क्रियाशील भी हो चुके हैं। पिछले दो दिनों में जिले में खरीद का डाटा निल रहा है। इससे इतर कृषि विभाग ने इस बार अच्छी पैदावार का आंकलन किया है। कृषि विभाग के आंकलन को आधार मानते हुए डीएम पुलकित खरे ने क्रय केंद्रों की संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए हैं।
इसपर खाद्य विभाग ने क्रय केंद्रों की संख्या बढ़ाने की कवायद शुरू कर दी है। विभाग की ओर से प्रस्ताव मांगे जाने के बाद एसएफसी समेत सात एजेंसियों ने 46 नए क्रय केंद्र खोले जाने के प्रस्ताव दिए हैं। खाद्य एवं विपणन अधिकारी अनुराग पांडे ने बताया कि सभी प्रस्ताव अनुमोदन के लिए डीएम के पास भेजे जा रहे हैं। अनुमति मिलने के बाद कार्रवाई की जाएगी।
आवश्यक वस्तु निगम ने पांच, एफसीआई ने एक, यूपी एसएस ने नौ, नैफेड ने पांच, एफपीओ ने तीन, पीसीयू ने 12 व पीसीएफ ने अलग-अलग क्षेत्रों में 11 नए क्रय केंद्र खोलने के प्रस्ताव दिए हैं। ब्यूरोे