हरदोई। अलग-अलग ब्लाकों में बीईओ के निरीक्षण में बगैर सूचना अनुपस्थित शिक्षकों का बीएसए डा. मसीहुज्जमा ने एक दिन का वेतन काटने के निर्देश दिया है। बीईओ की संस्तुति पर बीएसए ने वेतन काटने का निर्देश दिया साथ ही तीन दिन के अंदर स्पष्टीकरण मांगा है।
बीईओ कछौना ने पांच जुलाई को ब्लाक के स्कूलों का औचक निरीक्षण किया था। निरीक्षण के दौरान प्राथमिक विद्यालय कोरिहाना में सहायक अध्यापक राजेश्वर, श्रीकृष्ण मौर्य व योगेंद्र बगैर पूर्व सूचना के अनुपस्थित थे। ब्लाक के प्राथमिक विद्यालय मवई के निरीक्षण में सहायक अध्यापक कमालुद्दीन खान, योगेंद्र यादव, प्राथमिक विद्यालय मढौरा में सहायक अध्यापक राज कुमार राजपूत व शाहीन फातिमा गैरहाजिर थी।
कोथावां ब्लाक के बीईओ ने चार जुलाई को प्राथमिक विद्यालय परगही का निरीक्षण किया था। निरीक्षण के समय शिक्षक मनोहर लाल, विनोद कुमार सिंह, विवेक कुमार, अनिल कुमार मिश्र व विमल शुक्ला एक स्थान पर बैठकर आपस में बात कर रहे थे। स्कूल में एमडीएम नहीं बना था। उच्च प्राथमिक विद्यालय बेनीगंज के निरीक्षण में सहायक अध्यापक बलराम यादव, रहीस अहमद, नूतन व चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी आपस में बातें करते मिले। बावन ब्लाक के बीईओ के निरीक्षण में दो जुलाई को प्राथमिक विद्यालय अटवहा में इंचार्ज प्रधानाध्यापक अंशिता सिंह तोमर, सहायक अध्यापक रीना व शिक्षामित्र कुंती अनुपस्थित थी। बीईओ की संस्तुति पर बीएसए ने शिक्षकों के विरुद्ध एक दिन का वेतन काटने की कार्रवाई की है।
स्पष्टीकरण मांगा
हरदोई। बिलग्राम ब्लाक के प्राथमिक विद्यालय भीभापुर का बीईओ ने दो जुलाई को औचक निरीक्षण किया था। निरीक्षण के समय सहायक अध्यापिका प्रीती सागर बगैर कि सी सूचना के अनुपस्थित थी। बीईओ की आख्या पर बीएसए डा. मसीहुज्जमा ने तीन दिन के अंदर स्पष्टीकरण मांगा है। कहा है कि जवाब संतोषजनक न होने पर निलंबन की कार्रवाई की जाएगी।
अभिलेखों में गड़बड़ी की शिकायत
हरदोई। बीएसए डा. मसीहुज्जमा ने टड़ियावां ब्लाक के उच्च प्राथमिक विद्यालय के अनुदेशक को तीन दिन के अंदर अभिलेखों की जांच कराकर स्पष्टीकरण देने के निर्देश दिए हैं। अनुदेशक को जारी किए गए निर्देश में कहा गया है कि उनके संज्ञान में आया है कि संविदा पर नौकरी के लिए लगाए अभिलेखों में जन्मतिथि में हेरफेर की गई है। तीन दिन के अंदर स्पष्टीकरण न मिलने पर संविदा समाप्त कर दी जाएगी।