हरदोई। अधिवक्ताओं की हड़ताल सोमवार को भी जारी रही। हड़ताल के मसले पर सोमवार को बुलाई गई आपात बैठक में बार एसोसिएशन के अध्यक्ष पीके मिश्रा ने प्रस्ताव पारित किया कि 17 जनवरी तक हड़ताल जारी रहेगी। 18 को नई कमेटी के शपथ ग्रहण के कारण हड़ताल स्थगित रहेगी।
उच्च न्यायालय के आदेशों के तहत जिले में गठित सुरक्षा कमेटी की सिफारिश पर न्यायालय परिसर के भीतर सभी प्रकार के वाहनों का प्रवेश दो जनवरी से बंद कर दिया गया है। अधिवक्ता इसी बात को लेकर विरोध जता रहे हैं। उन्होंने मांगों को लेकर हड़ताल कर रखी है। सोमवार को हड़ताल के मसले पर मतदान का निर्णय पदाधिकारियों की ओर से लिया गया था, लेकिन वकीलों के विरोध के कारण वोटिंग नहीं हुई। महामंत्री जेपी त्रिवेदी ने आपात आम सभा की बैठक बुलाई। इसमें वकीलों ने विचार रखे। बार एसोसिएशन के अध्यक्ष पीके मिश्रा ने प्रस्ताव पारित किया कि 17 जनवरी तक कार्य बहिष्कार किया जाएगा। 18 जनवरी को बार का वार्षिकोत्सव होने के कारण हड़ताल स्थगित रहेगी।
उधर सोमवार सुबह न्यायालय परिसर में बने हवालात में कैदियों को जेल से लाने वाले वाहन के साथ सुरक्षा में तैनात दरोगा अपनी मोटरसाइकिल परिसर के भीतर तक ले आया और हवालात के बाहर खड़ी कर दी। इस पर वकीलों ने आपत्ति जताई। न्यायालय की सुरक्षा में तैनात सुरक्षा कर्मियों ने बाइक को परिसर से बाहर खड़ा करवाया।