सवायजपुर। लोनार कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सवायजपुर में युवक की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। उसका शव पड़ोसी के घर में हैंडपंप के चबूतरे पर पड़ा मिला। उसके सिर में चोट के निशान हैं।
सवायजपुर निवासी संजीव (26) पुत्र वेदराम मजदूरी करता था। शनिवार रात वह घर नहीं पहुंचा था। रविवार सुबह संजीव का शव पड़ोसी श्रीपाल के घर के अंदर लगे हैंडपंप में चबूतरे पर पड़ा मिला। मृतक के पिता वेदराम की सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच की। लोनार कोतवाल राजेश कुमार राय की सूचना पर फोरेंसिक टीम ने नमूने भरे। मृतक के पिता ने बताया कि संजीव का विवाह चार साल पहले हुआ था। संजीव की पत्नी शैल कुमारी मायके बिलग्राम के गंज में रह रही थी। कोतवाल राजेश राय ने बताया कि घटना को लेकर कोई तहरीर नहीं मिली है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर कार्रवाई की जाएगी।