शाहाबाद। नगर की नवीन मंडी में मंगलवार रात चोरों ने दीवार में नकब काटकर एक आढ़त से 17 बोरी आलू चुरा लिए। पीड़ित ने इसकी जानकारी पुलिस को दी।
कस्बा निवासी इलियास की नगर की नवीन मंडी में सब्जी की आढ़त है। मंगलवार शाम इलियास आढ़त बंद कर घर चले गए थे। देर रात चोरों ने दुकान के पिछले हिस्से में दीवार से नकब काट दी। नकब काटने के बाद चोर दुकान में रखे 17 बोरी आलू चुरा ले गए। बुधवार सुबह दुकान पहुंचने पर इलियास को घटना की जानकारी हुई। इलियास ने बताया कि चोरी गए माल की कीमत लगभग 24 हजार रुपये है। बताया कि 24 अगस्त की रात चोर 12 बोरी आलू, प्याज व 25 खाली बोरी चुरा ले गए थे।
27 अगस्त को छोटेलाल रामेश्वर दयाल की आढ़त से 8 कट्टा आलू व 24 अगस्त को पूर्व सैनिक यदुवीर सिंह की दुकान से 10 कट्टी आलू, दो बोरी प्याज चोरी हो चुका है। कोतवाल महेश पांडेय ने जांच कर कार्रवाई किए जाने की बात कही है। मंडी सचिव राम जी चौधरी ने बताया कि मंडी सहायक को अपनी देखरेख में पीआरडी जवानों की ड्यूटी लगाने के निर्देश दिए है। मंडी में चौकसी बढ़ाई जा रही है।