बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर प्रोत्साहन रोजगार योजना का लाभ लेने के लिए बड़ी संख्या में जरूरतमंदों ने शुक्रवार को आयोजित साक्षात्कार प्रक्रिया में प्रतिभाग किया। साक्षात्कार ले रहे अधिकारियों ने अभ्यर्थियों से संभावित रोजगार के बारे में जानकारी हासिल की और अनुभव के बारे में पूछा। 166 अभ्यर्थियों ने साक्षात्कार दिया।
विकास विभाग के अधीन संचालित की जाने वाली बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर प्रोत्साहन रोजगार योजना के तहत अनुसूचित जाति के 112 और सामान्य जाति के 94 लोगों को लाभान्वित किया जाना है।
इस योजना के तहत स्वरोजगार के लिए दो लाख रुपये से पांच लाख रुपये तक बैंकों के माध्यम से ऋण के रूप में चयनित अभ्यर्थियों को उपलब्ध कराए जाते हैं।
सामान्य जाति के अभ्यर्थियों को ऋण का 25 फीसदी अधिकतम 50 हजार रुपये और अनुसूचित जाति के लोगों को ऋण का 35 फीसदी अधिकतम 70 हजार रुपये की छूट दी जाती है।
जिला विकास अधिकारी का अतिरिक्त प्रभार संभाल रहे ग्राम्य विकास अभिकरण के परियोजना निदेशक राजेंद्र श्रीवास के कार्यालय कक्ष में साक्षात्कार की प्रक्रिया शुक्रवार सुबह से ही शुरू हो गई।
जिला अग्रणी बैंक प्रबंधक वीएन शुक्ला के अलावा विकास विभाग के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी संजय गुप्ता की मौजूदगी में साक्षात्कार प्रक्रिया पूरी की गई। वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी संजय गुप्ता ने बताया कि शनिवार को भी साक्षात्कार होगा।