हरदोई। पुलिस ने बुधवार को चार थाना क्षेत्रों में अलग-अलग गांवों में ग्रामीणों संग बैठक की। उन्हें कच्ची शराब के नुकसान बताए। शराब का कारोबार बंद करने और इससे दूर रहने का संकल्प दिलाया।
संडीला प्रतिनिधि के अनुसार कोतवाल जगदीश यादव ने बुधवार को आबकारी विभाग के अधिकारियों के साथ ग्राम बेगमगंज की कंजड़ बस्ती में ग्रामीणों के साथ बैठक की। कोतवाल ने कहा कि शराब बनाने जैसे गलत कामों से दूर रहें और परिवार के पालन पोषण के लिए मेहनत मजदूरी करें। स्वयं सहायता समूह हरदोई से आए सुपेंद्र प्रताप सिंह ने सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं के बारे में जानकारी दी। आबकारी निरीक्षक दिलीप कुमार ने बच्चों को शिक्षित बनाने की अपील की।
कछौना प्रतिनिधि के अनुसार कोतवाल राय सिंह ने बुधवार को ब्लॉक के एडीओ पंचायत समेत अन्य अधिकारियों के साथ कस्बे की कंजड़ बस्ती में ग्रामीणों के साथ बैठक की। उन्हें शराब के नुकसान बताए। कहा कि कच्ची शराब का कारोबार गैर कानूनी है। अपने व परिवार की बेहतरी के लिए ऐसा कारोबार न करें। एडीओ पंचायत रामचंद्र संदीप ने विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी।
बिलग्राम प्रतिनिधि के अनुसार कोतवाल अमरजीत सिंह ने बुधवार को ग्राम परचल रसूलपुर में ग्रामीणों के साथ बैठक की और उन्हें कच्ची शराब न बनाने का संकल्प दिलाया। ग्रामीणों को अन्य रोजगार करने के लिए प्रेरित किया गया। कोतवाल ने गांव में दस लोगों की एक कमेटी बनाई। ये कच्ची शराब बनाने वालों की सूचना पुलिस को देगी। इस मौके पर प्रधान छोटे सिंह व एसआई जेपी सिंह मौजूद रहे।
हरियावां प्रतिनिधि के अनुसार एसओ जितेंद्र मोहन सरोज ने बुधवार को ग्राम कुरसेली के पंचायत भवन में ग्रामीणों के साथ बैठक की। ग्रामीणों को कच्ची शराब के कारोबार से दूर रहने का संकल्प दिलाया गया। यहां एसआई रमेश वर्मा, प्रधान प्रतिनिधि रामसेवक, मोनू कुमार व अलका पवार, गौरव सिह आदि मौजूद रहे।