हरदोई। पुलिस टीम पर जानलेवा हमले सहित कई अन्य मामलों में वांछित 15 हजार रुपये के इनामी बदमाश को पाली पुलिस ने सर्विलांस टीम की मदद से बुधवार को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से एक तमंचा और दो कारतूस भी बरामद हुए हैं। न्यायालय में पेश करने के बाद आरोपी को जेल भेज दिया गया।
अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी त्रिगुण विसेन और हरपालपुर के सीओ राकेश वशिष्ठ ने बताया कि पाली थाना क्षेत्र के ग्राम मुड़नामऊ निवासी रामतीर्थ की कई मामलों में पुलिस को तलाश थी। 17 मार्च 2019 को कच्ची शराब बनाए जाने की सूचना पर दबिश देने गई पुलिस टीम पर जानलेवा हमले में वो वांछित था। इसके अलावा पाली में डकैती और लोनार कोतवाली क्षेत्र में हुई लूट की घटना में भी पुलिस को उसकी तलाश थी। सर्विलांस टीम के प्रभारी आलोक कुमार सिंह को सूचना मिली थी कि बुधवार सुबह 10 बजे रामतीर्थ सांडी खेड़ा तिराहे के पास पहुंचेगा। सर्विलांस टीम ने पाली के प्रभारी निरीक्षक डीपी सिंह को इस बारे में बताया तो वह टीम के साथ अलर्ट हो गए। 11 बजे सांडी खेड़ा तिराहे के पास से रामतीर्थ को गिरफ्तार कर लिया गया। उसके विरुद्ध छह मामले दर्ज हैं, इनमें पांच मामले पाली थाने में और एक लोनार थाने में दर्ज है।