हरदोई। शहर के सांडी रोड पर शहर कोतवाली के पास बिजली की सप्लाई के लिए रखे ट्रांसफार्मर में गुरुवार दोपहर करीब साढ़े बारह बजे अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग की चपेट में पास में रखे दो अन्य ट्रांसफार्मर भी आ गए। तीनों ट्र्रांसफार्मरों से ऊंची-ऊंची लपटे निकलती देखकर आसपास के लोग घरों से बाहर निकल आए। आनन फानन में सांडी रोड का ट्रैफिक रोक दिया गया। मौके पर पहुंचे अग्निशमन विभाग के कर्मचारियों ने एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इस दौरान पास ही खड़ी एक कार भी जल गई।
शहर में सांडी रोड पर शहर कोतवाली से चंद कदमों की दूरी पर एक चिकित्सक की क्लीनिक है। क्लीनिक के पास ही इस इलाके में बिजली आपूर्ति के लिए 25 केवीए, 250 केवीए और 400 केवीए के ट्रासंफार्मर रखे गए हैं। गुरुवार को दिन में लगभग 12:30 बजे अचानक एक ट्रासंफार्मर में आग लग गई। देखते ही देखते अन्य दोनों ट्रासंफार्मर भी आग की चपेट में आ गए। दमकल और बिजली विभाग को इसकी सूचना दी गई। उपखंड अधिकारी नगर अमित कुमार सिंह मौके पर अन्य कर्मचारियों के साथ पहुंच गए। विद्युत आपूर्ति बंद करा दी गई। इसके अलावा शहर कोतवाली से उपनिरीक्षक अभिलाष कुमार भी फोर्स के साथ पहुंच गए। उधर यातायात भी रोक दिया गया। लगभग एक घंटे बाद अग्निशमन वाहन और कर्मचारी मौके पर पहुंचे व आग बुझाने की मशक्कत करने लगे। लगभग एक घंटे बाद आग पर काबू पाया जा सका। आग से तीनों ट्रासंफार्मर जल चुके थे। पास ही खड़ी कार भी जल गई। घटना स्थल के बेहद करीब स्थित आरओ प्लांट के शोरूम को भी आग से नुकसान हुआ। यहां छह आरओ प्लांट जल गए। इसके अलावा दुकान के ऊपर बने आवासीय परिसर के दरवाजे भी आग के चलते जल गए। ऊपरी हिस्से में आग लगने की आशंका पर बुझाने के लिए उपनिरीक्षक अभिलाष ने ऊपर चढने का प्रयास किया लेकिन दरवाजा अंदर से बंद होने के कारण वापस उतरना पड़ा। उधर दूसरी ओर पूरे घटनाक्रम के दौरान तमाशबीनों की भीड़ मौके पर एकत्र हो गई। लगभग एक घंटे तक सांडी मार्ग पर यातायात बाधित रहा।
करीब दस लाख रुपये का नुकसान हुआ
सूत्रों की मानें तो तीनों ट्रासंफार्मर जलने से विभाग को करीब दस लाख रुपये का नुकसान हुआ है। तीनों ट्रासंफार्मर उक्त घटना में पूरी तरह जल गए हैं। विभागीय जानकार बताते हैं कि अब इन ट्रासंफार्मर के पार्ट्स को अलग अलग इस्तेमाल किया जा सकता है। सभी पार्ट्स इस्तेमाल करने लायक भी नहीं बचे हैं। उधर दूसरी ओर आरओ प्लांट की शॉप चलाने वाले शिव प्रताप ने दावा किया कि उनकी कार और छह आरओ प्लांट मिलाकर लगभग पांच लाख रुपये का नुकसान हुआ है।
800 घरों की बिजली गुल, भीषण गर्मी में परेशानी
विद्युत विभाग के उपखंड अधिकारी नगर अमित कुमार सिंह ने बताया कि उक्त तीनों ट्रासंफार्मर जलने के कारण शहर के करीब 800 घरों और वाणिज्यिक प्रतिष्ठानों में बिजली आपूर्ति बाधित हुई है। दोपहर में घटना होने के साथ ही विद्युत आपूर्ति बंद करा दी गई थी। उन्होंने बताया कि शाम चार बजे तक जले हुए ट्रासंफार्मर मौके से हटा दिए गए। उनके स्थान पर दूसरे ट्रासंफार्मर लगाए जाने का कार्य चल रहा है जोकि देर शाम तक स्थापित हो जाएगा और विद्युत आपूर्ति जारी हो जाएगी।
इनकी भी सुनिए
फोटो-21-देवेश सिंह । अमर उजाला
- बोडिंग हाउस निवासी देवेश सिंह कहते हैं कि ट्रासंफार्मर गर्मी में आए दिन फुंकता है। इसके कारण बिजली आपूर्ति बाधित हो जाती है। गुरुवार को भी बिजली की आपूर्ति बाधित हो गई। गर्मी में पानी तक का इंतजाम करने में परेशानी हुई।
फोटो-22-देवेश मिश्रा। अमर उजाला
- देवेश मिश्रा ने बताया कि बिजली आपूर्ति बाधित होने से गर्मी में रोजमर्रा के कार्य भी प्रभावित हुए हैं। गृहणियों को ज्यादा दिक्कतों का सामना करना पड़ा। बिजली विभाग वालों ने जल्द ही आपूर्ति शुरू कराने का आश्वासन दिया है।
फोटो-23-प्रदीप पांडे। अमर उजाला
- प्रदीप पंाडे का कहना है कि बिजली की समस्या पहले की अपेक्षा कम हुई है। लोकल फाल्ट के चलते ज्यादा परेशानी होती है। अब गुरुवार को ही दोपहर से बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। फ्रिज, कूलर सब बंद है। इसकी वजह से खासी परेशानी होती है।
फोटो-24-सजीव श्रीवास्तव। अमर उजाला
- संजीव श्रीवास्तव ने बताया कि बिजली न होने से वैसे ही परेशानी हो जाती है। इस समय तो भीषण गर्मी पड़ रही है। भीषण गर्मी के कारण परेशानी हो रही है। बिजली विभाग के जिम्मेदारों को चाहिए कि लोकल फाल्ट पर विशेष ध्यान दें।
फोटो-15-सांडी रोड पर शहर कोतवाली के निकट जलते ट्रांसफार्मर और कार। अमर उजाला
फोटो-16-घटना स्थल के पास स्थित भवन की छत पर चढने की कोशिश करता एसआई अभिलाष। अमर उजाला
फोटो-17-आग बुझाने के लिए पानी की बौछार करते अग्रिशमन विभाग के कर्मचारी। अमर उजाला
फोटो-18-घटना स्थल के पास लगी भीड़। अमर उजाला
फोटो-19-ट्रंासफार्मरों में आग लगने के बाद सांडी रोड पर रुके यातायात में फंसे वाहन व लोग। अमर उजाला
तीन ट्रांसफार्मरों में लगी आग, कार भी जली
सांडी रोड पर हुआ हादसा, 800 घरों की आपूर्ति बाधित, जाम लगा
अमर उजाला ब्यूरो