कछौना। कासिमपुर थाना परिसर के पीछे सोमवार को भाजपा का अनुसूचित जाति कार्यकर्ता सम्मेलन हुआ। इसमें प्रदेश सरकार के कौशल विकास विभाग के स्वतंत्र प्रभार राज्यमंत्री सुरेश पासी ने सपा-बसपा पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि भाजपा ही एक ऐसी पार्टी है, जिसने वास्तव में डॉ. आंबेडकर के सपनों का पूरा किया है।
बालामऊ विधानसभा क्षेत्र के कार्यकर्ता सम्मेलन में राज्यमंत्री सुरेश पासी ने कहा कि बसपा और मायावती अनुसूचित जाति के वोटों की सौदागर हैं। उन्होंने कहा कि अनुसूचित जाति के मतदाता अब इनके फेर में आने वाले नहीं है। अनुसूचित जाति वित्त विकास निगम के अध्यक्ष लालजी निर्मल ने कहा कि अन्य दलों ने अनुसूचित जाति के लोगों का शोषण किया है। सम्मेलन को बालामऊ विधायक रामपाल वर्मा, संडीला विधायक राजकुमार अग्रवाल, मिश्रिख विधायक रामकृष्ण भार्गव, लोकसभा क्षेत्र प्रभारी रामचंद्र वर्मा और मिश्रिख से भाजपा प्रत्याशी पूर्व सांसद अशोक रावत ने भी संबोधित किया।