अमर उजाला ब्यूरो।
बघौली। बघौली थाना क्षेत्र के ग्राम महमदपुर में एक युवक की ट्रेन से कटकर मौत हो गई। युवक की शादी शुक्रवार को हुई थी और शनिवार को बारात वापस आई थी। रात में खाना खाने के बाद युवक शौच जाने की बात कहकर घर से निकला था। चार घंटे बाद उसका शव रेलवे ट्रैक पर मिला।
बघौली थाना क्षेत्र के ग्राम महमदपुर निवासी संजय (22) की बारात शुक्रवार को बेनीगंज कोतवाली क्षेत्र के ग्राम ओड़ाझार गई थी। ओड़ाझार के रहने वाले जगदीश की पुत्री गुड़िया के साथ उसका विवाह हुआ था। हंसी खुशी बारात बहू को लेकर शनिवार को वापस गांव आयी थी। सामाजिक रीति रिवाजाें को पूरा करने के बाद मेहमानाें की खातिरदारी की गई। रात में लगभग 10 बजे संजय खाना खाने के बाद शौच जाने की बात कहकर निकल गया। काफी देर तक जब वह वापस नहीं आया तो परिजनों ने उसे तलाशना शुरू किया। काफी देर तक कुछ पता नहीं चला तो पूरे गांव को संजय के गायब होने की जानकारी मिली। इसके बाद बड़ी संख्या में ग्रामीणाें ने उसे खोजना शरू कर दिया। रात लगभग 2 बजे ग्रामीणों ने गांव के पास से ही निकले लखनऊ हरदोई रेलवे ट्रैक पर कुछ कर्मचारियाें को देखा तो वह लोग भी मौके पर पहुंच गए। परिजनाें की मानें तो ट्रैक पर संजय का शव क्षत-विक्षत अवस्था में पड़ा था। इसकी जानकारी मिलते ही परिजनाें में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के परिजनों ने घटना को लेकर किसी तरह का कोई आरोप नहीं लगाया है।
इनसेट
बदहवास हो गई गुड़िया
हाथों की मेहंदी अभी ठीक से सूख भी नहीं पाई थी। आंखों में नए जीवन पथ पर चलने के सुनहरे सपने लिए गुड़िया ने ससुराल की देहरी पार कर घर के अंदर प्रवेश किया था। कुछ घंटो पहले ही जिसके साथ सात फेरे लिए और सात जन्माें तक साथ निभाने का वायदा लिया, उसे विधाता ने एक झटके में दूर कर दिया। पति की मौत की जानकारी मिलते ही गुड़िया बदहवास हो गई। रात भर रोते-चीखते उसकी तबीयत भी बिगड़ गई। रविवार को उसकी आंखों के आंसू तो सूखे थे लेकिन वह एकटक गहरी सोच में डूबी नजर आई।
इनसेट
एक वर्ष पहले भाई की भी हुई थी मौत
संजय छह भाई बहनाें में चौथे नंबर पर था। संजय के छोटे भाई सचिन की मौत भी एक वर्ष पहले ट्रेन से कटकर हो गई थी। बताया जाता है कि सचिन मानसिक रूप से बीमार था और उसने ट्रेन से कटकर खुदकशी कर ली थी।
- दुल्हन लेकर लौटे युवक की ट्रेन से कटकर मौत
- जहां गूंज रहे थे मंगलगीत वहां अब करुण क्रंदन
- शुक्रवार को गई थी बारात, शनिवार को आई थी दुल्हन
- शनिवार रात ही ट्रेन से कट गया संजय
फोटो - 18 संजय (फाइल फोटो)
फोटो - 19 ससुराल में बदहवास बैठी संजय की पत्नी गुड़िया।
फोटो - 20 घर पर गुमसुम बैठे मृतक के रिश्तेदार।