हरदोई। जिले में 14 और लोग कोरोना संक्रमित मिले हैं। इनमें शहर के धर्मशाला रोड पर स्थित एक पैथ लैब के तीन कर्मी भी शामिल हैं। शहर के एक प्राइवेट अस्पताल में तैनात कर्मी भी संक्रमित मिला है। इसके साथ ही कुल संक्रमित 304 हो गए हैं। छह मौतें हुई हैं और 77 एक्टिव केस हैं। 221 लोग स्वस्थ हो चुके हैं।
शहर के लखनऊ रोड पर स्थित रानी कटियारी हॉस्पिटल का कर्मी (25) पॉजिटिव मिला है। वह टोडरपुर ब्लाक के ग्राम बरी का निवासी है। शहर में धर्मशाला रोड पर स्थित सत्यम पैथ लैब कर्मी (30) संक्रमित मिला है। वह मूल रूप से बाराबंकी का रहने वाला है, लेकिन शहर में धर्मशाला रोड पर कटियार नर्सिंग होम वाली गली में किराये पर रहता है। इसी लैब में तैनात बेहटागोकुल थाना क्षेत्र के ग्राम राजापुरवा निवासी युवक (20) भी संक्रमित मिला है। इसी पैथ लैब में तैनात महिला कर्मी (25) भी कोरोना संक्रमित मिली है। वह शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला पीतांबरगंज की रहने वाली है। पिहानी कस्बे के मोहल्ला नागर निवासी शख्स (40) की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है। शुगर की समस्या होने पर उसने शहर के एक प्राइवेट नर्सिंग होम में इलाज कराया था। लाभ न होने पर शाहजहांपुर जिला अस्पताल गया था। शाहजहांपुर जिला अस्पताल में ही कोरोना की जांच को नमूना लिया गया और रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। वह दिल्ली में सिलाई करता था, लेकिन कई माह सेे पिहानी स्थित घर पर ही रहता है। वहीं बिलग्राम कस्बे के मोहल्ला मंडई निवासी व्यक्ति (44) की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है। वह नगर पालिका कार्यालय परिसर में किराये की दुकान पर फोन बेचता है। उसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आने पर पूरे नगर पालिका बाजार को सैनिटाइज करने के निर्देश एसडीएम ने दिए हैं। सीएचसी बिलग्राम के अधीक्षक डॉ. विनीत तिवारी ने बताया कि युवक के संपर्क में आए लोगों को चिह्नित किया जा रहा है। शहर के आलूथोक मोहल्ले में युवक, संडीला में संविदा पालिका कर्मी, कोथावां में युवक और मल्लावां में वृद्ध कोरोना संक्रमित मिले हैं।
प्रसव के बाद पता चला महिला कोरोना संक्रमित
मूल रूप से माधौगंज के तेरवा इलाके की रहने वाली विवाहिता (23) भी संक्रमित मिली है। महिला के पति के मुताबिक गर्भवती होने के कारण वह पत्नी को लखनऊ के एक प्राइवेट अस्पताल में ले गया था। आरोप है कि शुक्रवार शाम अचानक उसकी पत्नी को प्राइवेट अस्पताल से डिस्चार्ज कर एंबुलेंस से मेडिकल कालेज भेज दिया गया। मेडिकल कालेज में कोई सुनवाई नहीं हुई और गर्भवती की हालत बिगड़ने लगी तो वह एक एंबुलेंस किराए पर कर हरदोई के कटियार नर्सिंग होम आया। यहां चिकित्सक ने फौरन ही उसकी पत्नी का इलाज शुरू किया और प्रसव के लिए ऑपरेशन किया। बच्ची का जन्म हुआ है। देर रात लखनऊ मेडिकल कालेज से जिले के स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को उक्त महिला के कोरोना संक्रमित होने की जानकारी दी गई। इसके कारण शनिवार को कटियार नर्सिंग होम के पूरे स्टाफ, संक्रमित महिला के पति, नवजात का भी नमूना कोरोना की जांच को लिया गया। नर्सिंग होम में ड्यूटी करने वाले सभी चिकित्सकों का भी नमूना लिया गया है। वहीं लखनऊ मेडिकल कालेज में भर्ती बिलग्राम निवासी बुजुर्ग (67) की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है। इसके अलावा लखनऊ के एक प्राइवेट अस्पताल में कर्मचारी हरियावां थाना क्षेत्र के कोरिगवां निवासी युवक (19) भी संक्रमित मिला है।
लैब कर्मी की भांजी भी संक्रमित
संडीला के शोराकोठी क्षेत्र निवासी युवक (28) लखनऊ मेडिकल कालेज के क्वीनमैरी हॉस्पिटल में लैब कर्मी है। नौ जुलाई को आई रिपोर्ट में युवक पॉजिटिव मिला था। उसके संपर्क में आए परिवार के आठ लोगों का नमूना लेकर कोरोना की जांच को भेजा गया था। रिपोर्ट में संक्रमित युवक की भांजी (2) संक्रमित मिली है। भांजी मूल रूप से बिल्हौर की रहने वाली है। कुछ दिन पहले ननिहाल आई थी।
फोटो- 26- पिहानी के मोहल्ला नागर में थर्मल स्क्रीनिंग करती स्वास्थ्य विभाग की टीम। संवाद- फोटो : HARDOI