हरदोई। परिषदीय विद्यालयों में इस बार 14 से 21 मार्च तक बोर्ड परीक्षा के आधार पर परीक्षा कराने के निर्णय से विद्यार्थियों को नींद उड़ी है। शिक्षक पंचायत चुनाव और बोर्ड परीक्षा की ड्यूटी में व्यस्त रहेे।
वहीं, शिक्षामित्र आंदोलन, मानदेय व एरियर के चक्कर में पढ़ाई से दूर रहे। विद्यालयों में पाठ्यक्रम पूरा नहीं हो सका है। ऐसे में बोर्ड परीक्षा के आधार पर परीक्षा होने से विद्यार्थियों के साथ साथ टीचरों में भी असमंजस की स्थिति है।
परिषदीय विद्यालयों में वर्तमान शिक्षा सत्र में पांच लाख नौ हजार 553 विद्यार्थी पंजीकृत हैं। इनमें से कक्षा एक को छोड़कर 4,40,433 विद्यार्थियों की परीक्षा होगी। इसके लिए परियोजना कार्यालय से माडल प्रश्नपत्र विभाग को उपलब्ध कराए गए हैं। शासन से इस बार परीक्षा कराने के लिए बजट भी उपलब्ध कराया गया है। जिसके आधार पर विभाग ने परीक्षा की तैयारी शुरू कर दी है। जिले के परिषदीय विद्यालयों में अभी भी पाठ्यक्रम पूरा नहीं हुआ है।
वर्जन
इस संबंध खंड शिक्षा अधिकारी पवन कुमार द्विवेदी ने बताया कि परीक्षा की तैयारियों के निर्देश दिए गए है। परीक्षाएं विधिवत संचालित कराई जाएंगी। जो शासकीय कार्य हैं उनमें शिक्षकों को जाना पड़ता है।