महिला अस्पताल में टीका लगवाते वृंदावन श्रीवास्तव। संवाद
- फोटो : HARDOI
हरदोई। जिले में कोरोना का प्रकोप बढ़ रहा है। शनिवार को दो मासूमों सहित 138 कोरोना संक्रमित मिले हैं। हालांकि सक्रिय मामले घटे हैं। यह आंकड़ा 795 रह गया है। 2399 संक्रमित कोरोना से जंग जीत चुके हैं। स्वास्थ्य महकमा लगातार कोरोना गाइड लाइन का पालन करने की अपील कर रहा है।
जिले में रोजाना 100 के पार संक्रमित मिल रहे हैं। शनिवार को स्वास्थ्य विभाग ने संक्रमितों की तीन सूची जारी कीं। जिसमें 138 नए संक्रमित मिले हैं। इसमें दो मासूमों के साथ 12 बुजुर्ग शामिल हैं।
स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों में कोरोना के केसों में तेजी से रिकवरी हो रही है। 29 दिन में 2399 संक्रमित होम आइसोलेशन से बाहर आकर कोरोना को मात दे चुके हैं। शनिवार को भी 239 संक्रमितों ने कोरोना से जंग जीती है। सीएमओ डॉ. ओपी तिवारी ने बताया कि कोरोना संक्रमितों की संख्या में इजाफा हो रहा है। इसके सापेक्ष 90 से 93 फीसदी केसों की रिकवरी हो रही है। बताया कि सावधानी के साथ मुकाबला करना बेहद जरूरी है।
कोविड सेंटरों पर हुईं 3895 जांचें
ग्रामीण इलाकों में कोविड जांचों की संख्या बढ़ा दी गई है। 20 सेंटरों पर व पांच मोबाइल टीमें जांच कर रहीं हैं। प्रतिदिन जांचों का लक्ष्य निर्धारित है। शनिवार को सभी सेंटरों पर 3895 लोगों की कोविड जांच की गई है।