हरदोई। जिले में औद्योगिक विकास और इकाइयों को ऊर्जा देने के लिए एक और 132/33 केवीए विद्युत सब स्टेशन की स्थापना होगी। इस बार ये सब स्टेशन सवायजपुर क्षेत्र में विकसित कराए जा रहे औद्योगिक कॉरिडोर में बनवाया जाएगा। शासन ने सब स्टेशन बनवाए जाने के लिए 54 करोड़ रुपये की स्वीकृति दे दी है। जबकि 33 केवीए सब स्टेशन पर करीब 11 करोड़ अलग से खर्च किए जाएंगे।
मुख्यमंत्री की शीर्ष प्राथमिकता में से एक औद्योगिक विकास और प्रदेश की वन ट्रिलियन डॉलर इकोनॉमी में जिले की भूमिका बढ़ती जा रही है। यहां पर गंगा एक्सप्रेसवे के पास तहसील सवाजयपुर क्षेत्र में विकसित कराए जा रहे औद्योगिक कॉरिडोर में उद्यमियों को बेहतर सुविधा और सहूलियत उपलब्ध कराने की दिशा में शासन ने काम तेज कर दिया है। यहां पर एक औद्योगिक कॉरिडोर के लिए उप्र स्टेट इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट कॉरपोरेशन (यूपीसीडा) ने भूमि का अधिग्रहण करने के साथ ही आगे की प्रक्रिया भी शुरू करा दी है। औद्योगिक इकाइयों की स्थापना की दिशा में तेजी से कदम बढ़ाए हैं।
उद्यमियों को बेहतर सुविधा और सहूलियत के साथ ही औद्योगिक इकाइयों के सुचारु संचालन के लिए निर्बाध ऊर्जा के भी प्रबंध शुरू करा दिए हैं। इसके लिए औद्योगिक कॉरिडोर में कौशिया सराय के पास 132/33 केवीए विद्युत सब स्टेशन की स्थापना के लिए पावर कॉरपोरेशन ने वित्तीय और प्रशासनिक स्वीकृति के साथ ही निविदा प्रक्रिया भी शुरू कर दी है।
वर्जन
सवायजपुर तहसील क्षेत्र में कौशिया सराय के पास शासन ने 132/33 केवीए विद्युत सब स्टेशन बनाने की मंजूरी दी है। यह बड़ा प्रोजेक्ट है, वैसे भी प्रदेश की इकोनॉमी को वन ट्रिलियन डॉलर बनाया जाना मुख्यमंत्री की प्राथमिकता में शामिल है। सब स्टेशन बन जाने से औद्योगिक क्षेत्र में आने वाली इकाइयों को ऊर्जा मिलने के साथ ही आसपास के क्षेत्र को भी निर्बाध विद्युत आपूर्ति मिल सकेगी। -अनुनय झा, जिलाधिकारी