- सीएसएन पीजी कॉलेज में लगाया गया रोजगार मेला
- 32 कंपनियों ने लिया हिस्सा, 3015 अभ्यर्थियों ने आजमाया भाग्य
संवाद न्यूज एजेंसी
हरदोई। जिला सेवायोजन कार्यालय की ओर से सीएसएन पीजी कॉलेज में बुधवार को एक दिवसीय रोजगार मेला लगाया गया। मेले में 1278 युवाओं से कंपनियों की ओर से अनुबंध किया गया। आबकारी मंत्री नितिन अग्रवाल ने युवाओं को अनुबंध पत्र वितरित किए।
रोजगार मेले में एलआईसी, वीजी प्रा. लिमिटेड, डीसीएम शुगर मिल हरियावां और क्वेस कॉर्प सहित कुल 32 कंपनियों के प्रतिनिधियों ने प्रतिभाग किया। मेले में जनपद और आसपास के क्षेत्रों से 3015 शिक्षित बेरोजगार पहुंचे।
कंपनियों के प्रतिनिधियों ने युवाओं को रोजगार के स्वरूप, कार्यप्रणाली और मिलने वाले वेतन व भत्तों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। इसके बाद निर्धारित प्रक्रिया और साक्षात्कार के आधार पर कुल 1278 अभ्यर्थियों का चयन किया गया। आबकारी एवं मद्य निषेध राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) नितिन अग्रवाल ने युवाओं का उत्साहवर्धन किया और प्रदेश सरकार की रोजगारोन्मुखी नीतियों पर प्रकाश डाला सेवायोजन कार्यालय के मुनेंद्र कुमार, निशात अंसारी, श्रवण कुमार गुप्ता, अल्का वर्मा, अमिता सिंह, राजेश्वर दयाल, हरी शंकर, पवन कुमार और औसाफ हुसैन आदि रहे।