हरदोई। पौधरोपण के लिए जीओ टैगिंग की सूचना तीन दिन में न देने वाले अधिकारियों का फरवरी माह का वेतन काटा जाए। ये निर्देश सोमवार को विकास भवन सभागार में जिला वृक्षारोपण समिति की बैठक में डीएम पुलकित खरे ने दिए।
बैठक में डीएफओ राकेश चंद्रा ने डीएम को बताया कि पौधरोपण के लिए अधिकतर विभागों ने वृक्षारोपण स्थल चयन व गड्ढा खोदने की सूची नहीं उपलब्ध कराई और ना ही जीओ टैगिंग का काम पूरा किया।
स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण समीक्षा में डीएम ने जिला पंचायत राज अधिकारी अनिल कुमार सिंह को निर्देश दिए कि निर्धारित समयावधि में ग्रामीणों के घरों व विद्यालयों में शौचालयों का निर्माण प्राथमिकता पर कराएं। इसके साथ ही विद्यालयों में बाउंड्री, रनिंग वाटर आदि के निर्माण व विद्युतीकरण ग्राम प्रधानों से 14वें वित्त से कराना सुनिश्चित करें। रानी लक्ष्मीबाई एवं बाल सम्मान के प्रकरणों के संबंध में डीएम ने संबंधित विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसी भी तरह से उत्पीड़ित महिलाओं की शिकायत प्राथमिकता पर दर्ज कराकर उन्हें तत्काल न्याय और सहायता राशि उपलब्ध कराएं। बैठक में सीडीओ आनंद कुमार, सीएमओ एसके रावत, पीडी श्रीनिवास, उप कृषि निदेशक डॉ. आशुतोष कुमार मिश्रा, आदि अधिकारी मौजूद रहे।