अमर उजाला ब्यूरो
हरदोई। गांव-गांव बन रही कच्ची शराब ने एक और जान ले ली। सांडी थाना क्षेत्र के ग्राम आदमपुर में एक हलवाई की गांव में ही बनकर बिकने वाली शराब पीने के बाद हालत बिगड़ गई। अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसने दम तोड़ दिया। पांच साल पहले बैंक और ग्रामीणों से लिए कर्ज की अदायगी न कर पाने के कारण वह शराब पीने लगा था।
सांडी थाना क्षेत्र के आदमपुर निवासी आशाराम (40) हलवाई का काम करता था। वह शादी में खाना बनाने के लिए बुकिं ग पर जाता था। पैतृक संपत्ति के रूप में मकान व एक बीघा जमीन है। करीब पांच साल पहले उसने जमीन पर बैंक ऑफ इंडिया से केसीसी बनवाया था। जिस पर पांच हजार रुपये कर्ज निकाला था। परिवार में पत्नी, एक बेटा व तीन बेटियां हैं। उसने गांव के लोगों से करीब एक लाख रुपये का कर्ज ले रखा था। कमाई का कोई अन्य जरिया नहीं होने के कारण वह कर्ज की अदायगी नहीं कर पा रहा था। आए दिन उधारी चुकाने के लिए लोग दबाव बनाते थे। पत्नी ममता के मुताबिक करीब तीन साल से पति शराब पीने का लती हो गया। शुक्रवार दोपहर करीब दो बजे वह घर से निकला था। उसने गांव के ही एक युवक के घर कच्ची शराब पी। लगभग तीन बजे वह नशे में घर पहुंचा था। घर आने के कुछ देर बाद ही उसकी हालत बिगड़ गई। उसके मुंह से झाग निकलता देख परिजन अस्पताल लाने की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान उसकी मौत हो गई। परिजनों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने पूछताछ के बाद शनिवार को शव का पोस्टमार्टम कराया। मृतक की पत्नी ने शराब पीने के कारण पति की मौत होने की बात कही है। एसओ भानु प्रताप सिंह ने बताया पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की वजह स्पष्ट होगी। परिजनों ने तहरीर नहीं दी है।
- कच्ची शराब पीने के बाद हलवाई की मौत
- सांडी थाना क्षेत्र के आदमपुर का निवासी था मृतक
- गांव निवासी युवक के यहां से खरीदी थी शराब