संशोधित शासनादेश के आधार पर 1306 ग्राम पंचायतों के प्रधान पद का अनंतिम आरक्षण शनिवार को घोषित कर दिया गया। 1026 ग्राम पंचायतों का आरक्षण बदल गया है। आरक्षण की अनंतिम सूची विकास भवन के बाहर चस्पा होते ही भीड़ लग गई।
जनपद की 1306 ग्राम पंचायतों में से अनुसूचित जाति के लिए 300 सीटें आरक्षित की गई हैं। अनुसूचित जाति की महिलाओं के लिए भी 194 सीटें शामिल हैं। पिछड़ा वर्ग के लिए 349 सीटें आरक्षित की गई हैं, जिनमें पिछड़ा वर्ग की महिलाओं के लिए 229 सीटें आरक्षित हैं।
महिलाओं के लिए 215 सीटें आरक्षित की गई हैं, जबकि 442 सीटें अनारक्षित हैं। जिला पंचायत राज अधिकारी गिरीश चंद्र ने बताया कि 1026 ग्राम पंचायतों के प्रधान पद के आरक्षण में दो मार्च के आरक्षण के सापेक्ष बदलाव हुआ है।
अहिरोरी विकास खंड में 67 ग्राम पंचायतों, बावन में 58 ग्राम पंचायतों, बेहंदर में 56, भरावन में 52, भरखनी में 67, बिलग्राम में 60, हरियावां में 43, हरपालपुर में 41, कछौना में 29 व कोथावां में 48 ग्राम पंचायतों के आरक्षण में बदलाव हुआ है।
इसी तरह माधौगंज में 67, मल्लावां 41, पिहानी में 63, सांडी में 43, संडीला में 57, शाहाबाद में 69, सुरसा में 61, टडिय़ावां में 51 और टोडरपुर की 53 ग्राम पंचायतों में आरक्षण बदला है। डीपीआरओ ने बताया कि आपत्तियां तत्काल प्रभाव से दी जा सकती हैं।