लखनऊ की वाणिज्य कर की विशेष जांच शाखा टीम ने दस दिन पहले पान मसाला कारोबारी के यहां छापा डाले जाने के मामले में प्राथमिक जांच के बाद कारोबारी से फिलहाल 14 लाख रुपये जमा कराएं हैं।
ये रुपये कारखाने मेें रेकार्ड से इतर माल बरामद होने पर उसके कर स्वरूप जमा कराए गए हैं। टीम तीन माह में जांच पूरी कर इस मामले में कार्रवाई करेगी।
एडिशनल कमिश्नर वाणिज्य कर ग्रेड-2 लखनऊ के निर्देश पर ज्वाइंट कमिश्नर अखिलेश कुमार सिंह के नेतृत्व में डिप्टी कमिश्नर विशेष जांच शाखा लखनऊ अखिलेश कुमार मिश्र व संजय आर्या की टीम ने यहां के अधिकारियों के साथ 10 मार्च को शहर के ग्राम खदरा में संचालित पान मसाला कारखाने पर छापा डाला था।
जांच के दौरान गड़बड़ी सामने आने पर टीम ने कारखाने में पान मसाला के निर्माण/उत्पादन पर रोक लगाने के साथ ही कुछ अभिलेख कब्जे में ले लिए थे।
टीम ने व्यापारी से सिक्योरिटी के तौर पर 45 लाख रुपये की चेक जमा करा ली थी और कारखाना वाणिज्य कर के स्थानीय अधिकारियों की देखरेख में कर दिया था।
प्रारंभिक जांच के दौरान कारखाने में रेकार्ड से इतर बरामद हुए माल के कर का मूल्यांकन करा कर शुक्रवार को अधिकारियों ने लखनऊ में व्यापारी से विभाग के पक्ष में फिलहाल 14 लाख रुपये जमा कराए हैं।
रुपये जमा कराने के साथ ही कारखाने में पान मसाला निर्माण पर लगी रोक हटा ली गई है। अधिकारियों ने तीन माह में विस्तृत जांच पूरी होने की बात कही है। जांच के दौरान जो भी तथ्य सामने आएंगी, उसके अनुसार कार्रवाई की जाएगी।