फोटो-सिंगल कॉलम
- चार साल में दो गुनी हो गई हादसों और इनमें मौतों की संख्या
- जनवरी और फरवरी में हुए सड़क हादसों का मामला
संवाद न्यूज एजेंसी
हरदोई। वर्ष 2025 के शुरुआती 59 दिनों में जिले में 203 सड़क हादसे हो चुके हैं। इन हादसों में 101 लोगों की मौत हो चुकी है। पिछले कुछ वर्ष के जनवरी और फरवरी के आंकड़ों पर निगाह दौड़ाएं तो पता चलता है कि इस बार के आंकड़े न सिर्फ हैरान करने वाले हैं बल्कि डराने वाले भी हैं।
59 दिनों में हुई दुर्घटनाओं में 101 लोगों की मौत हुई और इनमें से 83 फीसदी लोगों की मौत सिर में गंभीर चोटें आने से हुई। मतलब यह कि हेलमेट न लगाए होने के कारण जान चली गई।
जिले में यातायात नियमों का पालन कराने की कवायद लंबे समय से चल रही है। हेलमेट न लगाए होने पर वाहनों का चालान , सीट बेल्ट न बांधने पर कार चालक का चालान और ओवर लोडिंग करने पर ई-रिक्शा - ऑटो का चालान किया जा रहा है। इसके बावजूद हादसों में कमी नहीं आ रही है।
दरअसल काफी प्रयासों के बाद भी बाइक सवार हेलमेट का इस्तेमाल करने को लेकर जागरूक नहीं हैं। जनवरी और फरवरी में हुए सड़क हादसों पर नजर दौड़ाई जाए तो पता चलता है कि ज्यादातर दुर्घटनाएं दोपहिया वाहनों में सीधी टक्कर के कारण हुई। इनमें भी ज्यादातर लोग सिर में गंभीर चोटें आने के कारण घायल हुए 83 फीसदी लोगों की मौत भी सिर में चोट आने की वजह से हुई।
प्रकरण- 1
शहर कोतवाली क्षेत्र के लालपालपुर में मंगलवार को बाइक सवार बहनोई और साले की मौत हो गई थी। किसी वाहन ने बाइक में टक्कर मारी थी। बाइक सवार साले - बहनोई सिर के बल सड़क पर गिरे। हेलमेट नहीं लगाए थे और सिर में चोट आने के कारण ही दोनों की मौत हो गई। त्योहार से दस दिन पहले हुई इस घटना ने परिवार का रंग ही उड़ा दिया।
प्रकरण - 2
बीती 18 फरवरी को बिल्हौर कटरा मार्ग पर बाइक सवार चार दोस्तों को किसी वाहन ने टक्कर मार दी थी। चारों दोस्त बाइक से एक शादी में शामिल होने जा रहे थे। इन सभी लोगों के भी सिर में गंभीर चोटें आई थीं। एक का तो सिर बिल्कुल खुल गया था और मौत हो गई थी। बाइक पर चार लोग बैठना ही गलत था। उस पर हेलमेट भी नहीं लगाए थे। चारों के परिवार अब भी सदमें में ही हैं।
इनसेट
वर्ष माह हादसे मौत
2022 जनवरी 50 21
2022 फरवरी 51 28
2023 जनवरी 57 29
2023 फरवरी 79 55
2024 जनवरी 56 32
2024 फरवरी 53 35
2025 जनवरी 97 39
2025 फरवरी 103 62
इनसेट
अब एसपी की सख्त हिदायत, हेलमेट खरीद लो नहीं तो भुगतोगे
एसपी नीरज कुमार जादौन भी मानते हैं कि सड़क हादसों में जान गंवाने वाले ज्यादातर दोपहिया वाहन चालक हेलमेट नहीं लगाए थे। हेलमेट लगाए होते तो शायद कई जिंदा भी होते। एसपी ने मंगलवार को एक वीडियो जारी कर उन्होंने स्पष्ट कहा है कि हेलमेट खरीद लें। बाइक चलाने वाला और पीछे बैठने वाला भी हेलमेट लगाए। अब नियम तोड़ा तो भुगतना होगा... का संदेश भी एसपी ने साफ तौर पर दे दिया।
इनसेट
हेलमेट न लगाने पर 11 पुलिसकर्मियों के चालान
एसपी नीरज कुमार जादौन ने मंगलवार शाम चेतावनी भरा वीडियो जारी किया था। बुधवार सुबह उन्होंने अपने पेशकार शेषनाथ सिंह और जन शिकायत प्रभारी धर्मदास सिद्धार्थ की ड्यूटी पुलिस कार्यालय के गेट पर लगा दी। बिना हेलमेट पहने आए पुलिस कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए। नतीजा यह हुआ कि 11 पुलिस कर्मियों के खिलाफ एक एक हजार रुपये का चालान कर दिया गया।