हरदोई। भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष सुधीर हलवासिया ने केंद्र सरकार ने अपने 100 दिन के कार्यकाल को समाज के लिए कल्याणकारी बताया। कहा कि कानून व्यवस्था से लेकर सीमा सुरक्षा तक के मामले पर केंद्र सरकार ने कड़ा रुख अपनाते हुए आतंकवाद को खत्म करने की दिशा में कार्य किया है।
शुक्रवार को हरदोई आए भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष सुधीर हलवासिया ने समाज के अलग-अलग वर्ग के लोगों से मुलाकात कर संपर्क अभियान के तहत भाजपा की उपलब्धियां बताने वाली पुस्तक भेंट की। प्रदेश उपाध्यक्ष सबसे पहले भाजपा जिलाध्यक्ष सौरभ मिश्रा के साथ नघेटा रोड स्थित प्रगतिशील किसान हरगोविंद से मिले। उन्होंने हरगोविंद से समसामयिक विषयों पर चर्चा कर पुस्तक भेंट की। संपर्क अभियान के तहत भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष ने प्रतिष्ठित चिकित्सक डॉ. जेके वर्मा, व्यापारी नेता विमलेश दीक्षित, सोमेंद्र अग्रवाल, त्रिलोकी सिंह गौर और पीके मिश्रा के घर जाकर मुलाकात कर पुस्तक भेंट की। इस दौरान संपर्क अभियान के जिला संयोजक विपिन सिंह गौर, अशोक वर्मा गोपाल, अतुल सिंह चाऊंपुर, सुनील शुक्ला, राघवेंद्र सिंह, नीरज शुक्ला, अभिषेक ठाकुर आदि मौजूद रहे।