पीड़ित किसानों को मुआवजे के तौर पर 10 हजार रुपये की राशि प्रति एकड़ दिलाने सहित विभिन्न मांगों को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओें ने सवायजपुर तहसील में धरना प्रदर्शन किया। इसके बाद राज्यपाल को संबोधित एक आठ सूत्री ज्ञापन उप जिलाधिकारी को दिया।
पूर्व जिलाध्यक्ष राम बहादुर सिंह ने कहा कि फसल बर्बादी से सवायजपुर क्षेत्र का किसान परेशान है ऐसे किसानों को मुआवजे के तौर पर 10 हजार रुपए प्रति एकड़ दिया जाए। भरखनी बरवन रजबहा में कई साल से पानी नहीं आ रहा है। इस रजबहा में तुंरत पानी छोड़ा जाए।
रामगंगा नदी पर अर्जुनपुर में पुल का निर्माण अविलंब कराया जाए। आपदाग्रस्त मृतक किसानों के परिजनों को 10-10 लाख रुपये का मुआवजा दिलाया जाए।
नादखेड़ा ग्राम में आग से ट्रैक्टर, थ्रेसर और एक हेक्टयर फसल जलकर नष्ट हो गई। उसे तत्काल बीमा कंपनी से फसल का मुआवजा दिया जाए। इस दौरान भाजपाइयों ने नारेबाजी भी की। इसके बाद मौके पर पहुंचे एसडीएम अविनाश कुमार को ज्ञापन सौंपा गया।
ज्ञापन में कहा कि यदि 15 दिन के भीतर मांगों को न पूरा किया तो अनिश्चित कालीन धरना प्रदर्शन किया जाएगा। इस मौके पर अजीत सिंह बब्बन, अजय प्रताप सिंह, वीरेंद्र सिंह खितौली, सुरजीत वर्मा, अभिषेक शुक्ला, संदीप सिंह, सुभाष पांडे, महेश यादव, राज सिंह, आलोक सिंह, गौरव सिंह, अजय सिंह, अतुल सिंह, मोनू सिंह, मौजूद रहे।