हरदोई। स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण के तहत शौचालय निर्माण व ग्राम पंचायतों के विकास कार्यों की समीक्षा के लिए बुलाई गई बैठक में गैर हाजिर रहने पर 10 ग्राम सचिवों का वेतन रोकने के आदेश दिए गए हैं। जिला पंचायत राज अधिकारी ने नाराजगी जताते हुए यह कार्रवाई की।
मुख्य विकास अधिकारी निधी गुप्ता वत्स ने 11 फरवरी को कछौना विकास खंड के सभी ग्राम सचिवों और सहायक विकास अधिकारी पंचायत की बैठक बुलाई थी।
पूर्व सूचना के बावजूद दस ग्राम सचिव इस बैठक में शामिल नहीं हुए। इन दस ग्राम सचिवों में पांच ग्राम पंचायत अधिकारी और पांच ग्राम विकास अधिकारी शामिल हैं। इनकी गैर हाजिरी पर सीडीओ ने नाराजगी जताई थी। अब डीपीआरओ गिरीशचंद्र ने ग्राम विकास अधिकारी अरविंद कुमार, ज्ञान सिंह, राजेश कुमार त्यागी, पवन कुमार वर्मा और उज्जवल यादव का एक दिन का वेतन रोक दिया है। इसके अलावा ग्राम पंचायत अधिकारी सद्दाम हुसैन, धर्मवीर गौतम, कुलदीप गौतम, प्रदीप कुमार भारतीय और प्रवीण कुमार का भी एक दिन का वेतन रोक दिया गया है।