घटना की जानकारी के अनुसार, थाना हापुड़ देहात में तैनात सिपाही दौलत राम और अभिषेक त्यागी शुक्रवार रात करीब एक बजे गश्त पर निकले थे। इसी दौरान उन्हें दो युवक बाइक पर शराब की बोतलें लेकर जाते दिखे। सिपाहियों ने उन्हें रोका और पूछताछ की। युवकों ने बताया कि वे शराब खरीदकर ला रहे हैं। देर रात शराब ले जाने पर सिपाहियों के सवाल किए जाने पर दोनों युवक भड़क गए। उन्होंने मौके पर अपने अन्य साथियों को फोन कर बुला लिया और पुलिसवालों पर हमला कर दिया।
हमले में सिपाही दौलत राम के सिर पर गहरी चोट आई, जबकि अभिषेक त्यागी भी बुरी तरह घायल हो गए। हमलावर युवक मारपीट के बाद फरार हो गए। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी पारस मलिक अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने दोनों घायलों को तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज चल रहा है। सीओ वरुण कुमार मिश्रा ने बताया कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। आरोपियों की पहचान कराई जा रही है।