हापुड़। थाना देहात क्षेत्र के गांव काठीखेड़ा स्थित शराब कैंटीन के बाहर कुछ युवकों में जमकर मारपीट हुई। युवकों ने एक-दूसरे के ऊपर पथराव भी किया। इस दौरान कैंटीन संचालक के विरोध करने पर युवकों ने उसके साथ भी अभद्रता की। सूचना पर पुलिस के पहुंचने पर युवक मौके से भाग गए।
गांव स्थित शराब कैंटीन के बाहर शनिवार की शाम कुछ युवक शराब पीकर आपस में झगड़ा कर रहे थे। इस दौरान कहासुनी के बाद उनमें मारपीट शुरू हो गई। बताया जा रहा है कि युवक दो पक्षों में बंट गए और एक-दूसरे पर पथराव भी करने लगे। झगड़ा बढ़ता देख कैंटीन संचालक ने युवकों से इसका विरोध किया तो युवकों ने उसके साथ भी जमकर अभद्रता की। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर एकत्र हो गए। जिन्होंने पुलिस को सूचना दी। सूचना पर थाना प्रभारी निरीक्षक सुरेश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस को देख झगड़ा करने वाले युवक मौके से भाग गए। पुलिस युवकों की तलाश कर रही है।
मामले में सीओ जितेंद्र कुमार शर्मा ने बताया कि झगड़े के संबंध में अभी कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। पुलिस झगड़ा करने वाले युवकों की पहचान करा रही है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।