गढ़मुक्तेश्वर। कोतवाली क्षेत्र के गांव कल्याणपुर के जंगल में स्थित कृषि फार्म में खड़े खैर के पांच पेड़ आरोपी चोरी कर ले गए। फार्म मालिक ने कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
गांव निवासी भागमल ने तहरीर देते हुए बताया कि वह उच्चतम न्यायालय में अधिवक्ता हैं। इसके चलते वह दिल्ली रहते हैं। गांव में उनका बैंसला फार्म के नाम से कृषि फार्म है। इसमें अन्य फसल और पेड़ों के साथ ही उन्होंने काफी समय पहले खैर के पेड़ लगवाए थे। पीड़ित का कहना है कि शनिवार की रात फार्म में घुसे चोर पांच पेड़ चोरी से काट कर ले गए। इसकी जानकारी फार्म पर काम करने वाले लोगों को रविवार की सुबह हो सकी। सूचना मिलने पर वह भी गांव पहुंच गए। पीड़ित का कहना है कि चोरी किए गए पेड़ों की कीमत करीब पांच लाख रुपये है। कोतवाली पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच करते हुए चोरों की तलाश की जा रही है।