हापुड़ के गढ़मुक्तेश्वर में रविवार सुबह करीब 10 बजे कल्यानेश्वर मंदिर के पास स्थित आम के बाग में एक व्यक्ति का शव पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। वहां एक करीब 35 वर्षीय युवक लहूलुहान हालत में पड़ा मिला, जिसके चेहरे पर गंभीर चोटों के निशान थे।
विज्ञापन
मृतक के पास ही उसकी बाइक खड़ी मिली, साथ ही देसी शराब के पव्वे और डिस्पोजल ग्लास भी पड़े हुए थे। आसपास के लोगों की मदद से शव की पहचान जसवीर पुत्र दौलत राम, निवासी अब्दुल्लापुर, थाना गढ़मुक्तेश्वर के रूप में हुई।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल हत्या के कारणों का स्पष्ट खुलासा नहीं हो पाया है, लेकिन मौके पर मिले साक्ष्यों के आधार पर पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है।
विज्ञापन
स्थानीय लोगों में घटना को लेकर भय और आक्रोश का माहौल है। सीओ स्तुति सिंह का कहना है कि अभी तक कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है, लेकिन मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच जारी है।