धौलाना में सड़क पर दुर्घटना होने के बाद सड़क पर खड़ा ट्रक। संवाद
धौलाना। थाना क्षेत्र के अंतर्गत मसूरी-धौलाना मार्ग पर शनिवार को ट्रक और बाइक की आमने-सामने की भिड़ंत हो गई। हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया।
पुलिस के अनुसार, ग्राम शेखपुर खिचरा स्थित सीएनजी पेट्रोल पंप के सामने ट्रक और बाइक के बीच यह हादसा हुआ। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार दोनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे। हादसे में एक युवक ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। मृतक के पास से मिले दस्तावेजों के आधार पर मृतक की पहचान संतोष पुत्र राधे निवासी ग्राम संघवा जिला गोंडा के रूप में हुई है। पुलिस गंभीर रूप से घायल की पहचान में जुटी है। सीओ मुनीश चंद्र ने बताया कि मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गई है। आशंका है कि दोनों युवक आसपास की किसी फैक्टरी में काम करने वाले थे।