गढ़मुक्तेश्वर। सड़क हादसे में घायल युवक की उपचार के दौरान मौत के मामले में करीब एक माह बाद पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की है। मृतक के पिता ने बाइक चालक पर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाकर बेटे की स्कूटी में पीछे से टक्कर मारने का आरोप लगाया है।
गांव लडपुरा निवासी वीरेंद्र ने बताया कि उनका 23 वर्षीय बेटा अभिषेक सात जून को नानपुर से अपने गांव लौट रहा था। उनका आरोप है कि लोदीपुर शोभन इंटर कॉलेज के सामने पीछे से तेज रफ्तार में आ रही बाइक के चालक ने अभिषेक की स्कूटी में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में अभिषेक गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर मौजूद लोगों ने घायल को नानपुर स्थित अस्पताल में भर्ती कराया। चिकित्सकों ने उसे मेरठ रेफर कर दिया। इसके बाद अभिषेक का मेरठ के अस्पताल में उपचार चला, लेकिन हालत में सुधार नहीं होने पर 29 जून को उसे दूसरे अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां 30 जून को उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पीड़ित पिता ने तहरीर देकर आरोपी बाइक चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
सीओ राहुल यादव का कहना है कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कराकर जांच शुरु करा दी है।