हापुड़। लोकसभा चुनाव के लिए बिगुल बज चुका है। अधिक से अधिक मतदाताओं को जोड़ने के लिए जनवरी माह में पुनरीक्षण अभियान भी चलाया गया। शनिवार को जिले के सभी बूथों पर बीएलओ द्वारा मतदाता सूची पढ़कर सुनाई गई। लोकसभा चुनाव में तीनों विधानसभा क्षेत्रों में मतदाताओं की संख्या 1150220 हो गई है, जिनमें 14925 नए मतदाता शामिल हुए हैं।
लोकसभा चुनाव को लेकर एक जनवरी 2024 को 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवाओं का नाम मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए जिले में 27 अक्तूबर 2023 से विशेष संक्षिप्त मतदाता पुनरीक्षण अभियान चलाया गया था। इसमें पात्रता पूरी करने वाले नए वोटरों का नाम जुड़वाने के साथ ही मृत व शिफ्ट हुए वोटरों का नाम हटाया गया। अभियान शुरू होने से पूर्व अक्तूबर 2023 में जिले में वोटरों की कुल संख्या 1131932 थी, जो अभियान की समाप्ति के बाद अब 1150220 हो गई है।
धौलाना विधानसभा क्षेत्र में 420584, हापुड़ विधानसभा में 377934 व गढ़मुक्तेश्वर विधानसभा में 351702 मतदाताओं के नाम दर्ज हैं। गढ़मुक्तेश्वर विधानसभा में सबसे अधिक 5039 नए मतदाताओं का नाम सूची में शामिल किया गया है। जबकि हापुड़ विधानसभा में 4937 और धौलाना विधानसभा में 4949 नए मतदाता सूची में जुड़े हैं। वहीं दिव्यांग मतदाताओं की संख्या 5734 हो गई है। 80 वर्ष से अधिक आयु वाले मतदाताओं की संख्या 15493 पहुंच गई है।
सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी श्रवण कुमार त्यागी ने बताया कि शनिवार को सभी पोलिंग बूथों पर बीएलओ द्वारा मतदाता सूची पढ़करर सुनाई गई। साथ ही नए मतदाताओं को भी सूची में नाम जुड़वाने का अवसर दिया गया था, लेकिन कोई मतदाता सूची में शामिल नहीं हुआ है। रविवार को भी बीएलओ पोलिंग बूथों पर रहेंंगे, मतदाताओं को सूची में नाम जुड़वाने का अंतिम मौका मिलेगा।