सिंभावली। मोदीनगर थाना क्षेत्र के गांव सिखेड़ा से शादी में आए फोटोग्राफर पर चार लोगों ने जानलेवा हमलाकर नकदी और कैमरा लूट लिया। पीड़ित को बेहोशी की हालत में बदमाश जंगल में फेंक कर भाग गए। पुलिस ने घायल को अस्पताल में भर्ती कराया। जिसे मेरठ रेफर कर दिया गया।
गांव सिखेड़ा निवासी बबलू ने तहरीर दी है। जिसने बताया कि उसका भाई विनोद कुमार फोटोग्राफी की दुकान करता है। 6 मार्च की रात को उसका भाई सिंभावली की सुभाष विहार कॉलोनी में आयोजित शादी समारोह में वीडियो ग्राफी करने के लिए आया था। वहां से जाने के दौरान कार्यक्रम स्थल से कुछ ही दूरी पर चार युवकों ने उसके भाई को रोक कर धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले के दौरान आरोपियों ने उसका कैमरा और 26 हजार की नकदी लूट ली। जिनके हमले से विनोद गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गया। जिसे मृत समझकर बदमाश जंगल में फेंक गए। बबलू ने बताया कि उसके भाई का गंभीर हालत में मेरठ के अस्पताल में उपचार चल रहा है। जिसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है। थानाध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि मामला लूट से जुड़ा नहीं है। एक व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।