गंदू नंगला में युवक की मौत के बाद जांच करती पुलिस। संवाद
बहादुरगढ़। क्षेत्र के गांव गंदू नंगला निवासी 18 वर्षीय जैक की बृहस्पतिवार की शाम संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई। उनका शव कमरे में फंदे से लटका मिला। पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है।
गांव निवासी जैक जब दिन में अपने कमरे से बाहर नहीं आए तो पड़ोस में रहने वाले परिजनों को चिंता हुई। उनके चाचा व अन्य परिजन जैक के कमरे के बाहर पहुंचे। परिजनों ने बताया कि दरवाजा अंदर से बंद था। किसी तरह उन्होंने खिड़की से झांक कर देखा, तो उनका शव छत के पंखे से लटका मिला। जिसकी सूचना पुलिस को दी गई। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने दरवाजा तोड़कर शव को कब्जे में ले लिया। वहीं, फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल की जांच की।
मां की हत्या के आरोप में जेल में बंद हैं पिता
ग्रामीणों ने बताया कि जैक के पिता अपनी पत्नी की हत्या के आरोप में जेल में बंद हैं। वहीं, जैक भी काफी समय से मानसिक रूप से अस्वस्थ थे। जिस कारण उन्हें अस्पताल में भी भर्ती कराया गया था। वहां से तीन-चार महीने पहले ही वह घर लौटे थे। जैक तीन भाई-बहनों में सबसे बड़े थे।
सीओ राहुल यादव ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। जांच कराई जा रही है। जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।