पिलखुवा कोतवाली क्षेत्र के हावल मोड़ पर अज्ञात वाहन की टक्कर से ईंट भट्टे पर काम करने वाले मुनीम की मौत हो गई। हादसे के बाद चालक वाहन समेत फरार हो गया। गंभीर हालत में युवक को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
गुरुवार सुबह तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक सवार युवक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि युवक सड़क पर दूर जा गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और लोगों की भीड़ जमा हो गई। राहगीरों ने घायल युवक को तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, लेकिन उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
मृतक की पहचान ग्राम हावल के रहने वाले जुनैद के रूप में हुई। वह परतापुर रोड स्थित एक ईंट भट्टे पर मुनीम का काम करता था और बाइक से पिलखुवा आ रहा था। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख पुकार मच गई। हादसे के बाद गांव में शोक का माहौल बना हुआ है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस आसपास लगे कैमरों और लोगों से जानकारी जुटाकर फरार वाहन की तलाश में जुटी है।
सीओ अनीता चौहान ने बताया कि अज्ञात वाहन की तलाश कराई जा रही है। तहरीर मिलने पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।