कुचेसर चौपला। थाना बाबूगढ़ क्षेत्र के अंतर्गत गांव रसूलपुर बहलोलपुर मोड़ स्थित सतगुरु फार्म हाउस के पास गन्ने से भरे ट्रक से बाइक टकरा गई। इस दौरान एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि एक ढाई साल के मासूम सहित दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
थाना बहादुगढ़ क्षेत्र के गांव सलौनी निवासी धनपाल ने बताया कि शुक्रवार की देर शाम उसका पुत्र निशांत अपने ढाई साल के पुत्र दीपांशु व दोस्त ब्रिजेश के साथ बाइक पर सवार होकर बुलंदशहर से सगाई में शामिल होकर घर लौट रहा था। जैसे ही उनकी बाइक गांव रसूलपुर बहलोलपुर मोड स्थित सतगुरु फार्म हाऊस के पास पहुंची तो यहां ख्रराब खड़े गन्ने से भरे ट्रक से टकरा गई। इस दौरान उसके पुत्र निशांत की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि उसका पौत्र व उसके पुत्र के दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां ब्रिजेश को मेरठ के लिए रेफर कर दिया। पुलिस ने मृतक के परिजन को हादसे की सूचना दी। सूचना मिलने पर वह मौके पर पहुंचे। वहीं, मृतक के परिजनों का रो रोकर बुरा हाल था। थाना प्रभारी निरीक्षक पटनीश कुमार ने बताया कि मृतक के पिता की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। ट्रक को कब्जे में ले लिया गया है। जल्द ही ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।