बहादुरगढ़। थाना क्षेत्र के बहादुरगढ़ में पलवाड़ा रोड स्थित गंगा एक्सप्रेसवे के पुल के नीचे रविवार को कांवड़ियों ने युवक को मीट के बैग के साथ पकड़ लिया। कांवड़ियों से युवक को पकड़े जाने की सूचना मिलते ही हिंदू संगठन से जुड़े लोग भी मौके पर पहुंच गए और घटना को लेकर रोष जताया। भीड़ ने युवक की पिटाई भी की। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और युवक सुहैल को हिरासत में लेकर उसके पास मौजूद मीट के बैग को कब्जे में ले लिया। पुलिस युवक से पूछताछ कर मामले की जानकारी जुटा रही है।
पुलिस के अनुसार, युवक दिल्ली से मीट लेकर हापुड़ के रास्ते स्याना क्षेत्र की ओर जा रहा था। वह बहादुरगढ़ क्षेत्र के पलवाड़ा रोड पर गंगा एक्सप्रेसवे के पुल के नीचे खड़ा होकर किसी वाहन का इंतजार कर रहा था। इस दौरान वहां से गुजर रहे कांवड़ियों की नजर युवक के पास रखे बैग पर पड़ी। बैग में मीट होने की जानकारी हुई तो कांवड़ियों ने इसका विरोध किया। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जुटने लगी। हिंदू संगठन के कार्यकर्ता भी वहां पहुंच गए। ग्रामीणों और हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं ने युवक को पकड़कर उसकी जमकर पिटाई की।
मामले की जानकारी मिलने पर बहादुरगढ़ पुलिस तत्काल मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने युवक को अपने कब्जे में लेकर पूछताछ शुरू की और उसके पास मौजूद मीट के बैग भी कब्जे में ले लिया और जंगल में दबा दिया। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि युवक मीट कहां से लेकर आया था और इसे स्याना क्षेत्र में किस स्थान पर पहुंचाया जाना था। पुलिस युवक के बताए गए रास्ते और मीट से संबंधित अन्य तथ्यों की भी जांच कर रही है।
मामले में सीओ राहुल यादव का कहना है कि किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न देने और शांति बनाए रखने की अपील की। पुलिस की तत्परता से बड़ा विवाद होने से बच गया। फिलहाल क्षेत्र में माहौल शांत है और पुलिस मामले की जांच कर रही है। हिरासत में लिया गया युवक हापुड़ के सिकंदर गेट का निवासी सुहैल है।
मौके पर पैदा हुई तनाव की स्थिति
कांवड़ यात्रा को देखते हुए शासन और प्रशासन की ओर से कांवड़ मार्गों पर व्यवस्थाओं को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है। कांवड़ मार्गों पर मीट की दुकानों को बंद कराया गया है। ऐसे में कांवड़ियों के आवागमन वाले मार्ग पर मीट के बैग के साथ युवक के पकड़े जाने से लोगों में रोष दिखाई दिया। कांवड़ियों और स्थानीय लोगों की भीड़ बढ़ने से कुछ देर के लिए मौके पर तनाव की स्थिति बनने की आशंका पैदा हो गई थी। हालांकि, पुलिस ने समय रहते युवक को हिरासत में लेकर स्थिति को संभाल लिया।