बहादुरगढ़ थाना क्षेत्र के गांव देहरा रामपुर में बुधवार रात करीब नौ बजे मां-बाप से विवाद के बाद एक युवक ने अपने ही घर में आग लगा दी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरे कच्चे मकान को अपनी चपेट में ले लिया। आग से मकान पूरी तरह जलकर राख हो गया, जबकि उसकी छत भी गिर गई। गनीमत रही कि घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।
गांव निवासी कलवा वाल्मीकि के 28 वर्षीय पुत्र रोबिन का बुधवार शाम नशे की हालत में किसी बात को लेकर अपने माता-पिता से विवाद हो गया था। आरोप है कि विवाद के बाद गुस्से में आकर रोबिन ने घर में रखे कपड़ों में आग लगा दी। आग तेजी से फैल गई और कुछ ही देर में पूरे मकान को अपनी चपेट में ले लिया। घटना की सूचना मिलते ही बहादुरगढ़ थाना प्रभारी इंद्रकांत यादव पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और खुद मोर्चा संभालते हुए आग बुझाने में सहयोग किया। वहीं, सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। बताया गया कि रोबिन के परिवार में एक बेटा और एक बेटी हैं। आग से परिवार का कच्चा मकान पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। घटना के बाद गांव में चर्चा का माहौल है।
सीओ राहुल यादव ने बताया कोई जनहानि नहीं हुई है, मौके पर दमकल विभाग टीम ने पहुंच कर आप पर काबू पा लिया है, आरोपी युवक पर जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।