हापुड़। जिले में सरकारी राशन का लाभ लेने वाले अपात्र कार्डधारियों की पहचान कर शासन ने शिकंजा कसा है। आयकरदाता, सरकारी कर्मचारी, वाहन मालिक, जीएसटी आदि विभिन्न श्रेणियों में पंजीकृत 32,612 अपात्रों की सूची बनाकर कार्ड से नाम काटे गए हैं। इस महीने से इन कार्डधारकों को राशन नहीं मिलेगा।
वर्तमान में जिले में करीब 9.5 लाख लोगों को प्रतिमाह राशन का वितरण हो रहा है। शासन स्तर से पिछले माह इन पात्रों की जांच कराई गई, इसमें राइटफुल टारगेटिंग डैशबोर्ड 2.0 (आरटी वी-2) पर जिले के 32,612 लाभार्थियों का डाटा अपलोड किया गया है। इन सभी को अपात्र माना गया है, जो नियम विरुद्ध सरकारी राशन ले रहे थे। इस सूची में आयकरदाता, सरकारी कर्मचारी, वाहन मालिक, अधिक आय वाले परिवार और लंबे समय से राशन नहीं लेने वाले कार्डधारी शामिल हैं।
मृतक और निष्क्रिय राशन कार्ड भी सूची में शामिल
जिले में मृत हो चुके 5,483 लाभार्थियों की पहचान की गई, जिनमें से 4,883 पात्र पिछले माह तक किसी न किसी कारण से राशन ले रहे थे। इनका डाटा भी अब हटाया गया है। वहीं, छह से 12 महीने तक राशन नहीं लेने वाले 3,568 कार्डधारी हैं, जबकि 12 महीने से अधिक समय से राशन नहीं लेने वालों की संख्या 9,285 है। इसके अलावा दूसरे राज्यों में डुप्लीकेट राशन कार्ड के 401 मामले सामने आए हैं।
लाखों के मालिक भी ले रहे थे राशन, काटे गए नाम
डाक विभाग के 25, रेलवे के 2,097 और पीएफएमएस के 83 केंद्रीय सरकारी कर्मचारी भी अभी तक पात्रों की सूची में शामिल थे। इनके नाम भी काटे गए हैं। इसके अलावा आयकर विभाग के आंकड़ों में छह लाख रुपये से अधिक आय वाले 3,880, तीन लाख रुपये से अधिक वार्षिक आय वाले 106 और दो लाख रुपये से अधिक आय वाले 81 लोगों के नाम भी अब काटे गए हैं। साथ ही 25 लाख रुपये से अधिक टर्नओवर वाले जीएसटी पंजीकृत 796 कारोबारी और महीने में 33 हजार रुपये से अधिक कमाने वाले लोग भी अब पात्र सूची से हटा दिए गए हैं।
कार्डधारकों के पास लाखों के वाहन और जमीन भी
वाहनों के स्वामित्व के आधार पर भी अपात्रों की पहचान की गई है। हल्के मोटर वाहन रखने वाले 1,683 लोगों के नाम भी जांच में सामने आए। वहीं, पीएम किसान योजना में 7.5 एकड़ से अधिक जमीन रखने वाले 2,767 लाभार्थियों की पहचान के बाद उनके नाम हटा दिए गए हैं।
जांच के बाद हुई कार्रवाई
शासन स्तर से ही अपात्रों की जांच के बाद नाम काटे गए हैं। इन 32 हजार लोगों को नवंबर से राशन नहीं मिलेगा। यदि किसी को लगता है कि वह पात्र है तो फिर दस्तावेज जमा कराए, जांच में पात्र मिलने पर नाम जोड़ने के लिए भेजा जाएगा। - डॉ. सीमा सिंह, जिला पूर्ति अधिकारी