यूपी के हापुड़ जिले के मोहल्ला शिवगढ़ी में सड़क किनारे चल रहे निर्माण कार्य के लिए खोदे गए एक गहरे गड्ढे में बुधवार को एक युवक अपनी स्कूटी सहित गिर गया। यह घटना स्थानीय लोगों के लिए चिंता का विषय बन गई है, क्योंकि पिछले दो दिनों में इस गड्ढे के कारण तीन से चार हादसे हो चुके हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बुधवार दोपहर को एक युवक अपनी स्कूटी पर सवार होकर मार्ग से गुजर रहा था। मार्ग के किनारे किसी निर्माण कार्य के लिए लगभग पांच फुट गहरा गड्ढा खोदा हुआ था, जिस पर युवक का ध्यान नहीं गया। संतुलन बिगड़ने के कारण युवक स्कूटी सहित गड्ढे में जा गिरा। गनीमत यह रही कि गड्ढे में मिट्टी होने के कारण युवक को गंभीर चोट नहीं आई और वह बाल-बाल बच गया।