आवास विकास कालोनी स्थित अधीक्षण अभियंता कार्यालय पर स्मार्ट मीटर को लेकर हंगामा करती महिलायें।
- फोटो : 1
हापुड़। स्मार्ट मीटरों के विरोध में मंगलवार को मेरठ रोड आवास विकास, कृष्णा विहार की महिलाओं ने स्थानीय सभासद रुद्राक्ष त्यागी के नेतृत्व में अधीक्षण अभियंता कार्यालय का घेराव कर जोरदार हंगामा किया। महिलाओं ने इन मीटरों को हटाकर पुराने मीटर लगवाने की मांग उठाई। अधिकारियों ने किसी तरह महिलाओं को समझाया।
हंगामा कर रहीं महिलाओं ने कहा कि जब से घरों में स्मार्ट मीटर लगा है, आए दिन बिजली कट जाती है। एडवांस में बिजली का बिल जमा करना मुश्किल हो रहा है। रिचार्ज करने के कई घंटे बाद तक भी बिजली चालू नहीं हो पाती है। आए दिन इन मीटरों से अनेकों समस्याएं बन रही हैं।
उन्होंने बताया कि आवास विकास से निगम को समय से राजस्व की प्राप्ति होती है। हर कोई निश्चित अवधि से पहले ही बिल जमा करता है। फिर भी यहां डिजिटल मीटरों को हटाकर स्मार्ट मीटर लगाए गए हैं। इन्हें कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। महिलाओं ने पुराने मीटर ही फिर से लगवाने की मांग उठाई। राहत नहीं मिलने पर आंदोलन की भी चेतावनी दी।
स्थानीय सभासद रुद्राक्ष त्यागी ने कहा कि कॉलोनी के लोगों की स्मार्ट मीटर को लेकर समस्याएं अधिक हैं। इस मामले में एमडी से भी शिकायत की जाएगी। अधीक्षण अभियंता सुभाष चंद्र ने महिलाओं को आश्वासन देकर शांत कराया। हंगामा करने वालों में लक्ष्मी, शिवानी, सुनीता, पूनम, रेखा, सीमा, अनीता, ऊषा, गीता, किरण, ललिता आदि मौजूद रहीं।