संवाद न्यूज एजेंसी
गढ़मुक्तेश्वर। रिफ्यूजी कॉलोनी निवासी व्यापारी के घर में घुसकर लूट का विरोध करने के दौरान महिला की हत्या के मामले में दो आरोपी पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार हो चुके हैं, वहीं उनके दो फरार साथियों की तलाश जारी है। पुलिस ने दोनों घायल बदमाशों को न्यायालय में पेश किया है।
बता दें कि 25 अप्रैल की रात को नगर के मोहल्ला रिफ्यूजी कालोनी निवासी व्यापारी रोहित की मां कमलेश की चार बदमाशों ने लूट के दौरान चाकू से हमला कर हत्या कर दी थी। हत्याकांड से आस पास के लोगों में दहशत फैल गई थी। शनिवार की शाम कोतवाली पुलिस ने हत्याकांड को अंजाम देने वाले मुख्य आरोपी रितिक और उसके साथी हर्ष को मुठभेड़ के दौरान पैर में गोली लगने के बाद घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया था। लेकिन उनके दो साथी सुरेश उर्फ सुक्खा और जोशिल उर्फ शिवम फरार होने में कामयाब हो गए।
सीओ आशुतोष शिवम ने बताया कि हत्याकांड में शामिल दो आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। जिन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है। चारों बदमाशों के खिलाफ हत्या समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। फरार बदमाशों की तलाश में दबिश दी जा रही है। जिन्हें जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।