हापुड़ के बाबूगढ़ थाना क्षेत्र में एनएच-9 बाईपास पर तेज रफ्तार कार की टक्कर से बाइक सवार महिला कुसुम की मौत हो गई, जबकि उनके पति गंभीर रूप से घायल हैं। हादसे के बाद कार चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।
हापुड़ में बाबूगढ़ थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे-9 के नए बाईपास पर शुक्रवार शाम कार की साइड लगने से बाइक अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। दुर्घटना में बाइक सवार महिला की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उसका पति गंभीर रूप से घायल हो गया।
विज्ञापन
पुलिस ने मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, वहीं हादसे के बाद कार छोडक़र भागे चालक की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार जनपद अमरोहा, थाना गजरौला के मोहल्ला सुल्ताननगर निवासी राजकुमार पुत्र प्रकाश अपनी पत्नी कुसुम के साथ बाइक से गाजियाबाद से गजरौला जा रहे थे। शुक्रवार शाम करीब छह बजे जैसे ही उनकी बाइक बाबूगढ़ थाना क्षेत्र के गांव शाहपुर जट्ट के पास पहुंची, तभी बराबर में चल रही एक तेज रफ्तार कार ने बाइक में साइड मार दी।
कार की टक्कर से बाइक का संतुलन बिगड़ गया और दंपति सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर राहगीरों की भारी भीड़ जमा हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों घायलों को तुरंत उपचार के लिए हापुड़ के अस्पताल में भर्ती कराया। अस्पताल में चिकित्सकों ने कुसुम को मृत घोषित कर दिया, जबकि राजकुमार का गंभीर हालत में उपचार चल रहा है।
विज्ञापन
हादसे के बाद कार चालक अपनी कार को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने कार को अपने कब्जे में ले लिया है। पुलिस ने घटना की जानकारी परिजनों को दी तो वे भी अस्पताल पहुंच गए हैं। सीओ अनीता चौहान ने बताया कि हादसे में घायल महिला की मौत हो गई है। कार को कब्जे में ले लिया गया है और फरार चालक की तलाश की जा रही है।