गोल मार्केट में दुकान से कुर्ती खरीदती महिलाएं। संवाद
हापुड़। गर्मी का असर बढ़ते ही बाजारों में कॉटन कपड़ों की मांग तेजी से बढ़ने लगी है। खासकर महिलाओं और युवतियों में कॉटन कुर्ती और सूट की खरीदारी को लेकर खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। इससे बाजार में रौनक लौट आई है।
गर्मी बढ़ने के साथ लोग अब हल्के कपड़ों को प्राथमिकता दे रहे हैं। शहर के गोल मार्केट, कोठी गेट, चंडी रोड, खाई बाजार सहित अन्य बाजारों में दुकानों पर अलग-अलग डिजाइन और रंगों की कॉटन कुर्तियां, सूट, फ्रॉक सेट ग्राहकों को आकर्षित कर रही हैं।
शरीर को धूप से बचाने के लिए स्टॉल व ग्लव्स भी खूब बिक रहे हैं। कोठी गेट स्थित कपड़ा व्यापारी शाकिब ने बताया कि ग्राहक हल्के, ढीले और आरामदायक कपड़ों की तलाश में आ रहे हैं। बाजार में कॉटन सूट, कुर्ती, फ्रॉक शेट की सबसे ज्यादा बिक्री हो रही है। जैसे-जैसे गर्मी का असर बढ़ रहा है, वैसे-वैसे ग्राहकों की संख्या में भी इजाफा हो रहा है।